स्कूल की छत पर झंडा लगाने पहुंचा छात्र हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया, फिर नहीं बच पाया, परिजनों का हंगामा !
15 अगस्त पर जश्न की तैयारियां की जा रही थी लेकिन एक परिवार में अचानक मातम छा गया। स्कूल में पढ़ने वाला एक छात्र छत पर झंडा लगाने पहुंचा और 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया जिससे उसकी जान चली गयी। घटना के बाद परिजनों ने नेशनल हाई वे पर जाम लगा दिया। साथ ही स्कूल संचालक पर कार्यवाई की मांग की। मामला एमपी के दतिया जिले का है। जब हाईवे पर चक्काजाम किया गया तब वहां से खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह अपने काफिले के साथ निकल रहे थे जो जाम में फंस गए। बताया गया की निजी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र राज कुशवाहा की जान जाने के बाद स्कूल संचालक पर एफआईआर दर्ज किये जाने और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर परिजनों ने प्रदर्शन किया था।
दरअसल ये पूरी घटना बीते 14 अगस्त को शाम के समय हुई। जहां निजी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां चल रही थीं। तभी छात्र राज कुशवाह को स्कूल संचालक ने स्कूल की छत पर झंडा लगाने बुलाया। लेकिन झंडा लगाने के दौरान लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। जिससे छात्र को करंट का झटका लगा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गुस्साए परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद नेशनल हाईवे 44 पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश दी। साथ ही कार्यवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद जाम खोला गया।
परिजनों के मुताबिक बच्चों को कभी भी काम करने बुलाया जाता है। हादसे के लिए जिम्मेदार स्कूल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गयी साथ ही उचित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही। मामले में एडिशनल एसपी मनजीत सिंह चावला का कहना था की कार्यवाई की जा रही है।--