खेत में बिजली का तार लगाने गया था व्यक्ति, खुले ट्रांसफार्मर से लगा करंट और नहीं बच सका
एक व्यक्ति अपने खेत पर बिजली का तार लगाने गया हुआ था। लेकिन वह दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया और उसकी तड़पकर जान चली गयी। दरअसल ट्रांसफार्मर काफी दिनों से खुला पड़ा हुआ था। जिससे करंट की चपेट में आने से किसान ने दम तोड़ दिया। बिजली विभाग पर कथित रूप से लापरवाही के आरोप हैं। परिजनों ने जिम्मेदार अधिकारीयों पर कार्यवाई की मांग की। घटना एमपी के रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव की है।
बताया जा रहा है की राजकुमार पटेल अपने खेत पर बिजली का तार लगाने गए थे। आरोप है कि खेत के पास लगा ट्रांसफार्मर कई दिनों से खुला पड़ा था। इस बात की सूचना विद्युत मंडल के अधिकारियों को भी दी गयी थी। लेकिन ट्रांसफार्मर को सुरक्षित करने और बिजली लाइन को दुरुस्त करने कोई ठोस कदम नहीं उठाये गए। जब राजकुमार पटेल खेत पहुंचे तो अचानक करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हे तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान चली गई।
हादसे के बाद परिजनों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि अगर समय रहते खुले पड़े ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन को दुरुस्त किया जाता तो किसान की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने विद्युत मंडल के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल विद्युत विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। देखने वाली बात होती है की मामले में क्या कार्यवाई की जाती है।