तेरा तुझको अर्पण क्या लागे मेरा, 3 महीने में ढूंढे एक करोड़ के फोन, वापस मिलने पर ख़ुशी का नहीं रहा ठिकाना
कितनी सुंदर आध्यात्मिक और भक्ति भाव की ये पंक्तियां हैं न की तेरा तुझको अर्पण क्या लागे मेरा। ये अभियान खुद पुलिस चला रही है जिसके तहत लोगों की मुस्कान भी लौटाई जा रही है। पुलिस ने एक करोड़ तीन लाख रूपये कीमत के 451 मोबाइल फोन ढूंढ निकालने के बाद उन्हें वापिस सौंपा है।
जी हाँ एमपी के ग्वालियर में तेरा तुझको अर्पण अभियान के तहत आमजन को बड़ी राहत दी है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्बंधित मोबाइल धारकों को उनके सुपुर्द किया। सबसे ज्यादा ख़ुशी उन लोगों में थी जिन्होंने किश्तों पर मोबाइल खरीदा था।
वहीं इनमें शिक्षिका, छात्रा प्रोफ़ेसर समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। जिन्होंने ख़ुशी जताते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
बताया गया की एसएसपी के निर्देशन में साइबर सेल ने CEIR पोर्टल की मदद से 3 महीनों में देश के अलग-अलग शहरों से 1 करोड़ 3 लाख रूपये कीमत के 451 गुम या चोरी हुए हुए मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल हुई। शिक्षिका रेखा, MPPSC छात्रा पूनम कस्तवार, प्रोफेसर डॉ. आरती, किस्तों पर फोन खरीदने वाले ड्राइवर प्रदीप सिंह और गृहणियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इसके अलावा लावारिस मिले मोबाइलों को साइबर सेल में जमा कराने वाले सजग नागरिकों पवन कुशवाह, भोजराज सिंह चौहान, भोगीराम मंडेलिया और मनोज चौरसिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं एसएसपी ने इस सराहनीय कार्य के लिए साइबर सेल प्रभारी एसआई रजनी सिंह रघुवंशी और पूरी पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस ने अपील करते हुए कहा की CEIR पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक और ट्रेस करने का एक सुरक्षित माध्यम है। अगर किसी वजह से आपका मोबाइल भी गुम हो जाता है। तो सबसे पहले नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं और डुप्लीकेट सिम निकलवाएं। इसके बाद वेबसाइट www.ceir.gov.in पर जाकर पुलिस शिकायत, मोबाइल बिल और पहचान पत्र अपलोड कर IMEI ब्लॉक कर दें। जिससे पुलिस उसे आसानी से खोज सकेगी।------