मकान की दीवार महिला के ऊपर गिरी, नीचे दबने से नहीं बच सकी महिला, दो अन्य बाल-बाल बचे | SAGAR TV NEWS
बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। कच्चे मकान की दीवार उस पर आकर गिरी। जिसके मलबे में दबने से महिला ने दम तोड़ दिया। जबकि दो अन्य लोगों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। जर्जर दीवार गिरने की वजह से हादसा होना बताया गया। दुखद घटना रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र के मनकहरी गांव की है। जिसके बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है की कच्चे मकान की दीवार अचानक से भरभराकर गिरी। जिस समय हादसा हुआ तब तीन लोग घर में मौजूद थे। दो लोग तो समय रहते बाहर निकल गए जिससे उनकी जान बच गयी। लेकिन 45 साल की सविता चतुर्वेदी चपेट में आ गयी और उनकी जान चली गयी।
मिली जानकारी के मुताबिक सविता चतुर्वेदी अपने कच्चे मकान में निर्माण कार्य करवा रही थीं। तभी अचानक जर्जर दीवार गिरने लगी। खतरे को भांपते हुए मकान में मौजूद तीनों लोगों ने बाहर निकलने की कोशिश की, दो लोग तो किसी तरह बाहर निकल गए। लेकिन सविता का पैर मलबे में फंस गया और पूरी दीवार उनके ऊपर जा गिरी। जिससे चीख पुकार मच गयी। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। जहां कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला गया लेकिन बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलने के बाद सगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। जहां मामले की जांच शुरू की गयी है।