आधी रात BJP पार्षद पर बड़ी कहासुनी! फाटक पर फायरिंग और पत्थर बाजी से मचा हड़कंप
आधी रात भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एमपी के दतिया जिले के वार्ड नंबर 3 के भाजपा पार्षद कोमल अहिरवार पर चूनगर फाटक के पास कथित तौर पर फायरिंग और पत्थरबाजी की गई। घटना उस वक्त हुई, जब पार्षद कोतवाली से वापस लौट रहे थे। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर 3 के भाजपा पार्षद कोमल अहिरवार देर रात करीब 1 बजे कोतवाली से लौट रहे थे। इसी दौरान चूनगर फाटक के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पार्षद पर फायरिंग करने के साथ ही जमकर पत्थरबाजी की।
अचानक हुए हमले से पार्षद और उनके साथ मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। पुलिस के सामने हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पार्षद कोमल अहिरवार ने हमले के पीछे बाल्मीकि समाज के कुछ लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद पार्षद की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। आधी रात को सार्वजनिक स्थान पर भाजपा पार्षद पर फायरिंग और पत्थरबाजी की घटना सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक माहौल भी गर्मा गया है। पार्षद ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हमले में फायरिंग के लिए किस हथियार का इस्तेमाल हुआ, कितने लोग वारदात में शामिल थे और हमले की वजह क्या थी, इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद सामने आएंगे।