नदी की कल-कल बहती लहरों के बीच तिरंगा यात्रा,अनूठे अंदाज़ में मनाया गया आज़ादी का जश्न
नदी की कल-कल बहती लहरें, नाव पर सवार लोगों के हाथों में तिरंगा, दिल में उमंग और जूनून बच्चों में उत्साह और अनोखे अंदाज़ में आज़ादी का जश्न, जी हाँ जब केन नदी की लहरों पर नावों में तिरंगा लहराया गया तो एक अलग ही माहौल देखने को मिला। जो आकर्षण का केंद्र बन गया। तस्वीरें पन्ना जिले से सामने आई हैं। जहां तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का एक अनूठा और मनमोहक नजारा देखने को मिला। इस मौके पर स्कूली बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
दरअसल पन्ना में स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जहां केन नदी के किनारे पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। बच्चों और ग्रामीणों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज था। नदी में नावों की कतार के साथ देशभक्ति के जयघोष लगाए गए। पानी के बीच राष्ट्रध्वज लहरा रहे थे। इस दौरान अलग ही तरह का जश्न दिखाई दिया।
बताया गया की केन नदी के उमरहट से कुपना घाट तक इस आयोजन को देखने आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से नदी का तट गूंज उठा। बोटों पर लगे विशाल तिरंगे लहराते हुए देखकर माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। पन्ना का यह जल-तिरंगा आयोजन सोशल मीडिया पर काफी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पवई जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहनी मिश्रा ने कहा की इस तरह का आयोजन आज के युवाओं में देश प्रेम की भावना को बढ़ाता है। इसके साथ ही जब तिरंगा हाथ में होता है तो गर्व की अनुभूति होती हैं।