तीन अलग-अलग डेयरियों पर छापा, 182 किलो पनीर और दुग्ध पदार्थ जब्त, मिलावट मिलने पर होगी कार्यवाई
खाद्य विभाग की टीम ने तीन अलग-अलग डेयरियों पर छापा मार कार्यवाई की है। जहां मौके से 182 किलो पनीर, 40 किलो मावा और 45 किलो घी जब्त किया गया है। फिलहाल इन सभी के नमूने लेकर भोपाल लैब भेजे गए हैं। वहां से रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्यवाई की जाएगी। मामला मुरैना जिले का है। बताया गया की खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जौरा और अंबाह क्षेत्र की तीन डेयरियों पर कार्रवाई की।
टीम ने अंबाह क्षेत्र के चक्रपाण का पुरा डंडोली में केशव बघेल की डेयरी पर कार्यवाई की। यहां मावा और घी बनाया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान मावा और घी की गुणवत्ता के अलावा स्वरूप को लेकर संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल प्रताप सिंह परिहार ने 40 किलो मावा और 45 किलो घी जब्त किया। जिसकी कीमत करीब 45,500 रुपये बताई गई। दोनों पदार्थों के नमूने लिए गए। जिन्हें जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
इसी तरह जौरा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश सिंह निम और महेंद्र सिंह सिरोठिया की टीम ने दिव्यांश ट्रेडिंग कंपनी से 36,050 रुपये कीमत का 103 किलो पनीर, वहीं जय बजरंग डेयरी से 25 हजार 280 रूपये कीमत का 79 किलो पनीर जब्त किया। दोनों प्रतिष्ठानों से भी नमूने लिए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान इस बात का ध्यान रखा गया की कहीं एनालॉग या वैकल्पिक उत्पादों को पनीर के नाम से तो नहीं बेचा जा रहा। हालांकि ये बात जांच रिपोर्ट के बाद ही तय हो पाएगी। अगर जांच में कहीं कोई त्रुटि पाई जाती है तो सम्बंधित लोगों के खिलाफ कार्यवाई की जायेगी।------