नर्मदा के तट पर निकली तिरंगा यात्रा, अद्भुत और मनमोहक नज़ारा, शान से लहराया तिरंगा
नर्मदा नदी का किनारा, सुहावना मौसम, हाथों में तिरंगा, दिल में जोश, जूनून और जज़्बा, नर्मदा के तट पर जब तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया तो अलग ही मंज़र देखने को मिला। नर्मदा किनारे शान से तिरंगा लहराया गया। पानी के बीच नावों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान नर्मदा का तट भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।
नज़ारा खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर से सामने आया। जहां देशभक्ति का अनूठा और आकर्षक नजारा देखने को मिला। मां नर्मदा के तट पर नाविक संघ और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त तत्वाधान में तिरंगा यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में लोग नावों पर सवार हुए और हाथों में तिरंगा ध्वज थामकर देशभक्ति का संदेश दिया। हर नाव पर लहराता तिरंगा लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया। नर्मदा की लहरों के बीच एक साथ कई नावों पर लहराते तिरंगे का दृश्य बेहद मनमोहक नजर आया।
बताया गया की इस यात्रा में नाविक संघ के सदस्यों के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान के साथ थामकर देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान नावों का संचालन व्यवस्थित तरीके से किया गया। सभी नावें एक-दूसरे के साथ कतार में आगे बढ़ती रहीं।
ओंकारेश्वर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए यह तिरंगा यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान सभी लोग काफी उत्साहित नज़र आये।
आयोजकों के मुताबिक तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।------