रेल्वे कार्य की आड़ में अवैध खनिज भंडारण और क्रेशर संचालन, 2 पोकलेन मशीन 10 डंपर जब्त !
रेल्वे कार्य की आड़ में अवैध रूप से खनिज भंडारण और क्रेशर संचालन का खुलासा हुआ है। जिसके बाद खनिज अधिकारी ने छापामार कार्यवाई करते हुए एक क्रेशर, दो पोकलेन मशीन और डंपरों को जब्त किया है। कार्यवाई पन्ना जिले में की गयी। बताया जा रहा है की सतना-पन्ना रेलखंड के निर्माण कार्य की आड़ में कथित रूप से नियमों के विपरीत खनिज भंडारण और क्रेशर संचालन किया जा रहा था। संबंधित ठेकेदार को नोटिस भी जारी किया गया है।
जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग-39 से लगे बहेरा गांव में रेलवे परियोजना से संबंधित खनिज सामग्री का भंडारण किया जा रहा था। विभाग ने करीब 10 लाख घन मीटर सामग्री के भंडारण की अनुमति दी थी। लेकिन मौके पर स्वीकृत क्षमता से करीब तीन गुना अधिक यानि 30 लाख घन मीटर खनिज सामग्री पाए जाने की बात सामने आई। मौके पर कथित रूप से बिना अनुमति क्रेशर संचालित होता मिला। जहां पत्थर से गिट्टी और एम-सैंड तैयार की जा रही थी। विभाग ने मौके से करीब 12 लाख घन मीटर गिट्टी, नौ लाख घन मीटर प्राकृतिक बोल्डर और चार लाख घन मीटर एम-सैंड समेत अन्य खनिज सामग्री का भंडारण पाया।
खनिज अधिकारियों की माने तो भंडारण की निर्धारित अवधि ख़त्म हो चुकी थी। संबंधित ठेकेदार द्वारा पूरी रॉयल्टी जमा किए जाने की स्थिति भी स्पष्ट नहीं थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए क्रेशर और निर्माण में प्रयुक्त मशीनरी और वाहनों को जब्त किया गया। वहीं ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
खनिज विभाग के उपसंचालक रवि पटेल ने बताया की अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। वहीं बताया गया की कार्रवाई के दौरान मौके पर सिर्फ चौकीदार ही मौजूद था। संबंधित ठेकेदार या अन्य जिम्मेदार मौके पर नहीं मिले। फ़िलहाल विभाग आगे की कार्यवाई में जुटा हुआ है।