जटाशंकर धाम से लौट रहे पांच युवकों की कार पहुंची कुएं में, एक युवक नहीं बच सका, चार को निकाला
जटाशंकर धाम से दर्शन करने के बाद वापिस लौट रहे पांच युवक भीषण हादसे का शिकार हो गए। उनकी तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित हो गई। जो मुख्य सड़क से करीब पचास फ़ीट दूर जाकर एक कुएं में जा पहुंची। जिसमें से चार युवकों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया था। जबकि एक युवक की जान चली गई। युवक अंदर ही फंसा हुआ था। दिल दहला देने वाली घटना छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र से सामने आई है। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य शुरू किया गया था। वहीं थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गई थी।
मिली जानकारी के मुताबिक कार में पांच युवक सवार थे। जो जटाशंकर से दर्शन कर कटारे के पुरवा लौट रहे थे। तभी गहरवार गांव के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे कुएं में जा गिरी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद कार में सवार चार युवकों को बाहर निकाला गया। जबकि एक युवक ने दम तोड़ दिया। बताया गया की कुएं में काफी पानी भरा हुआ था। जिससे रेस्क्यू करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ईशानगर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजपूत समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। शुरूआती जांच में सामने आया की कार तेज रफ़्तार में थी। वहीं ऐसी भी आशंका है की युवक शराब के नशे में थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।