तेज बारिश में टीले पर फंसे 7 युवक, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन, पिकनिक बनी मुसीबत !
मध्यप्रदेश के भोपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित फाटापान बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पर मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां पिकनिक मनाने पहुंचे सात युवक अचानक तेज बारिश के कारण बढ़े पानी के बीच एक टीले पर फंस गए। देखते ही देखते चारों तरफ पानी का बहाव तेज हो गया और युवकों के लिए वहां से निकलना मुश्किल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला और कई घंटे की मशक्कत के बाद सभी सातों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के मुताबिक पुराने भोपाल के सात युवक मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे। इसी दौरान इलाके में तेज बारिश शुरू हो गई। पहाड़ियों से पानी का तेज बहाव नीचे आने लगा और कुछ ही देर में पिकनिक स्थल चारों तरफ से पानी से घिर गया।
पानी का स्तर लगातार बढ़ने के कारण सातों युवक एक ऊंचे टीले पर फंस गए। जब उन्हें बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला तो उन्होंने मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। एसीपी आलोक श्रीवास्तव के निर्देशन में कजलीखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात का जायजा लिया तो पानी का बहाव बेहद तेज मिला। खतरे को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को भी पानी में उतरने से रोक दिया और एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया।
इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीमों ने सुरक्षित रास्तों की तलाश करते हुए टीले तक पहुंचने के तीन संभावित मार्ग चिन्हित किए। कई घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद शाम करीब सात बजे सभी सात युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू किए गए युवकों में रोहित मालवीय, सुफियान शेख, मोहम्मद अली, डेविड, इरफान खान, ललेशा हीप और जाकिर खान शामिल हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी युवक को चोट नहीं आई। बारिश के मौसम में पिकनिक स्पॉट पर हुई यह घटना लोगों के लिए चेतावनी भी है। भोपाल पुलिस ने अपील की है कि तेज बारिश के दौरान नदी, नाले, झरने और पहाड़ी इलाकों में जाने से बचें। मौसम की जानकारी लेने के साथ प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, क्योंकि कुछ मिनटों की लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है।