बैंक के सामने बाइक में अचानक लगी आग, देखते ही देखते धू-धू कर जली पेशन प्रो… मची अफरा-तफरी
एमपी के डिंडौरी जिला मुख्यालय में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पंजाब नेशनल बैंक के सामने खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग की लपटों से घिर गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि बाइक सवार ने समय रहते खुद को सुरक्षित कर लिया और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। जानकारी के मुताबिक, समनापुर मंडल के भाजपा उपाध्यक्ष और भाजीटोला निवासी तान सिंह ठाकुर अपनी पेशन प्रो बाइक से डिंडौरी पहुंचे थे। वे पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचे ही थे कि उन्हें बाइक से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया।
स्थिति को भांपते हुए तान सिंह ठाकुर ने बिना देर किए बाइक सड़क किनारे खड़ी की और उससे कुछ दूरी पर चले गए। उनके बाइक से दूर जाते ही अचानक उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज होती गईं और बाइक धू-धू कर जलने लगी। बैंक के सामने बाइक में आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। आग की वजह से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक बुरी तरह जल चुकी थी। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के दौरान तान सिंह ठाकुर की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। अगर वे बाइक से धुआं निकलते ही उसे सड़क किनारे खड़ा कर दूर नहीं जाते, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
वहीं आग फैलने की स्थिति में आसपास खड़े दूसरे वाहनों और बैंक के सामने मौजूद लोगों को भी खतरा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते भी मौके पर पहुंचे और तान सिंह ठाकुर से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल बाइक में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।