दो दिन से लगातार जारी बारिश, बांध के पांच गेट खोलते ही नदी आई शबाब पर, कई जगह भरा पानी
कहीं-कहीं इंद्रदेव इतने मेहरबान हैं की शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रुकने के नाम नहीं ले रहा है। भारी बारिश की वजह से नदीनाले उफान पर आ गए हैं। हालात कुछ इस कदर हैं की नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी पुल के ऊपर पहुंच गया है। कई गांवों का शहर से संपर्क टूट गया है। प्रशासन को स्कूलों की छुट्टी करनी पड़ी। पानी के बवंडर की ये तस्वीरें एमपी के खंडवा जिले की हैं। जहां भगवान सागर बांध के पांच गेट खोले गए हैं। वहीं अमला नदी अपने शबाब पर बह रही है। पुल पर पानी की सूचना के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आवागमन रोका गया। जबकि निचले इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली।
बताया गया की सोमवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिससे कई क्षेत्रों में तेज बारिश होने से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। क्षेत्र की प्रमुख सिंचाई परियोजना भगवान सागर बांध एक बार फिर लबालब हो गया। जिससे बांध के पांच गेट खोलने पड़े। करीब 416.498 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। लगातार होने वाली बारिश और जलस्तर बढ़ता देख स्कूलों की छुट्टी घोषित की गयी। प्रशासन द्वारा लगातार सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक भारी बारिश से भगवान सागर बांध हफ्ते में दूसरी दफा ओवरफ्लो हुआ। इससे पहले दो गेट खोले गए थे। अब पांच गेट खोले गए। बारिश से अमला नदी उफान पर है। जिसका पानी पंधाना रोड स्थित पुल के ऊपर तक पहुंच गया। जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात की गई। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही रोकी गई। हालांकि नदी का जलस्तर कम होने के बाद यातायात बहाल हो गया था। फिलाहल प्रशासन लगातार हालातों पर नज़र बनाये हुए है साथ ही सतर्क रहने की अपील की जा रही है।------