एसपी के पास पहुंचे दो फौजी भाइयों के छलके आंसू, बोले बहन को जीजा ने मार डाला, उनका राजनीतिक रसूख !
दो फौजी भाई अपनी फ़रियाद लेकर जब पुलिस के पास पहुंचे तो माहौल भावुक हो गया। दोनों भाइयों की आँख से आंसू छलक पड़े। एसपी की जनसुनवाई में पहुंचकर बोले की साहब हमारी इकलौती बहन को उसके फौजी पति ने नशे की हालत में मार डाला है उनका परिवार राजनीतिक रसूख वाला है इसलिए सबूतों से छेड़छाड़ का डर है। उन्होंने बहन को इंसाफ दिलाये जाने की गुहार लगाई। मामला एमपी के मुरैना जिले का है।
एसपी धर्मराज मीना जनसुनवाई में मौजूद थे। जहां रानी सिकरवार के भाई कुलदीप सिंह तोमर और प्रदीप सिंह तोमर ने जब आप बीती सुनाई तो उनकी आँखें नम हो गयी। दोनों भाई सेना में हैं जो कोंथरकला के रहने वाले हैं। उनका आरोप है की बहन के मर्डर के बाद आरोपी पक्ष राजनीतिक दबाव बनाकर सबूतों से छेड़छाड़ कर केस को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है।
बताया गया की अंबाह के खजूरी रोड स्थित गली नंबर चार में बीते 6 अगस्त की रात फौजी सोहन सिकरवार ने अपनी पत्नी रानी सिकरवार का लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर मर्डर कर दिया। पुलिस ने पति समेत माता-पिता के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
जनसुनवाई के दौरान रानी के दोनों भाई एसपी के पास पहुंचे। जहां आरोपी परिवार की राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए मामले में निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिस पर एसपी धर्मराज मीना ने दोनों भाइयों को भरोसा दिलाया की जांच में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। पुलिस ने घटना से जुड़े जरूरी सबूत जुटा लिए हैं। साथ ही बोले की आरोपियों के लाइसेंसी हथियारों के लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। हथियार जमा करवाए जाएंगे।