रौब दिखाने का प्लान पड़ा भारी, 4 बदमाश हथियारों के साथ गिरफ्तार
बर्थडे पार्टी में रौब दिखाने के लिए अवैध हथियार जुटाना चार युवकों को भारी पड़ गया। एमपी के इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 देशी पिस्टल, 1 देशी रिवॉल्वर और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद हथियारों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार 10 अगस्त की रात राऊ थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम केट रोड स्थित नखराली ढाणी गेट के आगे पहुंची। यहां सुनसान गली में अंधेरे की आड़ में चार युवक संदिग्ध हालत में खड़े दिखाई दिए।
पुलिस टीम को देखते ही चारों युवकों ने मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। इसके बाद उनकी तलाशी ली गई तो एक स्कूटर की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कृष्ण कौशल, रितेश उर्फ पारा पवार, प्रेम तायड़े और सुमित उर्फ रोनी प्रजापत के रूप में की है। तलाशी में चार देशी पिस्टल, एक देशी रिवॉल्वर और चार जिंदा कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पुलिस के सामने यह बात आई कि आरोपी बर्थडे पार्टी में इन अवैध हथियारों के जरिए अपना रौब दिखाने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि पार्टी शुरू होने से पहले ही पुलिस की कार्रवाई ने उनका पूरा प्लान फेल कर दिया।
चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर ये हथियार आरोपियों तक कैसे पहुंचे और इन्हें किससे खरीदा गया था। पुलिस हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पता लगाने के साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और पूछताछ के बाद अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।