एक ही रात जहरीले सांप ने बुझाए घर के दो चिराग, भाई-बहन की मौ त से गांव में पसरा मातम
एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ही रात घर में साथ सो रहे भाई-बहन को जहरीले सांप ने डस लिया। इस दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक, एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम अवधपुरा निवासी मनका कुशवाहा का 18 वर्षीय बेटा जीतेन्द्र कुशवाहा और 12 वर्षीय बेटी नेहा कुशवाहा रात में घर के अंदर एक साथ सो रहे थे। नेहा कक्षा छठवीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि देर रात सोते समय किसी जहरीले सांप ने दोनों के पैर में डस लिया।
सांप के डसने के बाद नेहा की नींद खुल गई। उसने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर नेहा को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन इलाज के दौरान नेहा ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी ओर जीतेन्द्र गहरी नींद में सो रहा था। परिजनों को उस समय यह पता नहीं चल पाया कि उसे भी सांप ने डसा है। कुछ समय बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, तब परिवार को उसके सांप के डसने की जानकारी हुई। परिजन उसे इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और जीतेन्द्र की भी मौत हो गई।
चंद्रनगर निवासी नीलेश कुशवाहा के मुताबिक, दोनों भाई-बहन एक साथ सो रहे थे और सांप ने दोनों के पैर में डसा था। एक ही रात में दो बच्चों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जीतेन्द्र के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जबकि नेहा के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के संबंध में आधिकारिक स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना के बाद अवधपुरा गांव में शोक का माहौल है।