जब खाद लेने किसानों ने लगाई दौड़, तहसीलदार ने खुद दिलवाई खाद, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्यवाई !
खाद लेने पहुंचे दर्जनों की संख्या में किसानों ने अचानक दौड़ लगा दी। अपनी बारी का इन्तजार करने उन्हें लाइन लगानी पड़ी। खुद तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और किसानों को खाद दिलवाई गयी। दरअसल पर्याप्त खाद होने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही थी। इस तरह की शिकायतों के बाद खुद तहसीलदार पहुंचे थे। जिन्होंने सख्त लहज़े में हिदायत दी। सामने आया ये वीडियो शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र का है। जहां लाइन लगाने को लेकर किसान दौड़ते हुए नज़र आये। किसानों ने खुद व्यवस्थित तरीके से लाइन लगाई। जिनमें महिला किसान भी शामिल थी। इसके बाद प्रशासन द्वारा टोकन बांटे गए। जिसके आधार पर खाद वितरण शुरू किया गया। वहीं हंगामे या विवाद जैसी कोई स्थिति नहीं बन पाई।
जानकारी के मुताबिक तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने नरवर की मां कालका ट्रेडर्स और बालाजी ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया था। जहां दोनों दुकानों पर करीब 2000 बोरी यूरिया और 800 बोरी डीएपी खाद उपलब्ध होना बताया गया। लेकिन फिर भी किसानों को खाद न मिल पाने की शिकायत सामने आई। जिस पर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने खुद ही खाद दुकानों पर पहुंचकर किसानों को ऑफलाइन टोकन वितरित कराए। साथ ही दुकान संचालकों को निर्देश दिए की टोकन के आधार पर किसानों को खाद उपलब्ध कराया जाए। उल्लंघन करने पर कड़ी कार्यवाई की जायेगी।----
--
तहसीलदार ने निजी खाद वितरण केंद्रों को सरकारी दर पर ही खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ज्यादा कीमत पर खाद बेचने, स्टॉक छिपाकर कालाबाजारी करने या फिर नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस निरस्त करते हुए कार्रवाई की जाएगी।