सागर- मंडी मारपीट कांड, प्रायश्चित का वादा, लेकिन कानून से नहीं मिलेगी राहत! आरोपी अब भी फरार
सागर की तिलकगंज स्थित सबसे बड़ी थोक फल एवं सब्जी मंडी में व्यापारी पर हुए जानलेवा हमले के बाद मामला अब नया मोड़ ले चुका है। घटना के बाद जहां आरोपियों ने अपने कृत्य पर प्रायश्चित करने और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का लिखित आश्वासन दिया है, वहीं व्यापारी साफ कह रहे हैं कि यह मामला समझौते का नहीं, बल्कि कानून का है। एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
दरअसल, करेला खरीदी को लेकर हुए विवाद में व्यापारी शफीक राईन पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया था। हमले में उनकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। चिकित्सकों की कोशिशों से उनकी दृष्टि तो बच गई, लेकिन घटना ने मंडी के व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया। मामले में कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद आदर्श थोक फल एवं सब्जी विक्रेता संघ की बैठक हुई। बैठक में कुछ आरोपियों ने लिखित रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं करने और प्रायश्चित करने का आश्वासन दिया। हालांकि, व्यापारियों का कहना है कि संघ कोई न्यायालय नहीं है और आपराधिक मामलों का फैसला केवल कानून के तहत ही होगा। मंडी के कई व्यापारियों ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि वे डर के माहौल में व्यापार करने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि यदि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं। वायरल वीडियो के बाद पूरे शहर में इस घटना की चर्चा है।
एफआईआर में वसीम, तौफीक, अज्जू सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसे में व्यापारियों की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं। उनका कहना है कि मंडी में सुरक्षा और विश्वास का माहौल तभी लौटेगा, जब कानून अपना काम करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करेगा।