Sagar- बच्चों की थाली में परोसी इल्लियों वाला दाल, वीडियो सामने आते ही खुल गई सिस्टम की पोल
लापरवाही की इंतहा..और मासूम बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़! जिस मध्यान भोजन से बच्चों को पोषण मिलना चाहिए था, उसी दाल में इल्लियां मिलने से पूरे स्कूल में हड़कंप मच गया।
सरकारी सिस्टम की पोल खोलने वाला यह मामला सागर जिले के मालथौन विकासखंड की प्राथमिक शाला गीदा का है, जहां प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना की पोल उस वक्त खुल गई, जब बच्चों को परोसी गई दाल में इल्लियां मिलीं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा और पोषण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि मध्यान भोजन वितरण के दौरान बच्चों की थाली में दाल के साथ इल्लियां दिखाई दीं। गनीमत रही कि समय रहते मामला सामने आ गया और बच्चों ने भोजन नहीं किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्कूल में मध्यान भोजन का संचालन लक्ष्मी स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है और उन्होंने संबंधित समूह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्कूल के प्रभारी सूरज गौंड ने बताया कि घटना के समय वे स्कूल की पुस्तकें लेने मालथौन गए थे। वापस लौटने पर उन्हें मामले की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि जल्द ही शाला प्रबंधन समिति की बैठक में स्व-सहायता समूह के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव रखा जाएगा।
उधर, जिला कलेक्टर प्रतिमा पाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर का कहना है कि यदि जांच में लापरवाही साबित होती है, तो दोषी स्व-सहायता समूह के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सवाल यह है कि बच्चों के पोषण के लिए चलाई जा रही सरकारी योजना में ऐसी लापरवाही की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? और क्या केवल जांच व कार्रवाई के भरोसे मासूमों की सेहत सुरक्षित रह पाएगी?