फ़िल्मी अंदाज़ में कार से आये चोर, दो मोबाइल दुकान में एक करोड़ से ज्यादा की चोरी,मोबाइल नगदी ले उड़े
चोरों का आतंक दिन ब दिन बढ़ता ही जा रहा है जिससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। इसी तरह चोरों का आतंक देखने को मिला। जहां कार सवार बदमाशों ने फ़िल्मी तरीके से दो मोबाइल दुकानों को निशाना बनाते हुए एक करोड़ रूपये से ज्यादा कीमत के मोबाइलों पर हाथ साफ कर दिया। साथ ही नगदी भी चुरा ले गए। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई ये पूरी घटना उज्जैन जिले के माधव नगर थाना क्षेत्र स्थित शहीद पार्क इलाके की है।
कार से आए शातिर चोरों ने चतुराई से शटर के ताले चटकाए और अंदर घुसकर महंगे स्मार्टफोन ले उड़े। इस चोरी की घटना से व्यापारियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। शुरूआती जांच में दोनों दुकानों से करीब एक करोड़ रुपये से ज्यादा की कीमत के मोबाइल और ड्रॉज में रखी नकदी चोरी होने की बात सामने आई है।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की वारदात कैद हुई। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह बदमाश पहले एक दुकान में घुसते हैं फिर दूसरी दुकान को निशाना बनाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ सबूत जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
चोरी की इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की रात के समय गश्त पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद माधव नगर पुलिस का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कैमरे के सामने बोलने से बचता नजर आया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों की तलाश की जा रही है।