पत्थर से भरे ट्रेक्टर ट्रॉली ने ऑटो को मारी टक्कर, तीन की मौके पर गई जान, पांच पहुंचे अस्पताल
सड़क पर लोग यहां-वहां पड़े हुए थे, चीख रहे चिल्ला रहे थे, दर्दनाक मंज़र नज़र आ रहा था। लोग बिलख रहे थे, जिनमें तीन लोगों की आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई। हादसा इतना दिल दहला देने वाला था की लोग सहम गए। दरअसल पत्थर से भरे तेज रफ़्तार ट्रेक्टर ट्रॉली ने श्रद्धालुओं से भरे ऑटो को टक्कर मार दी जिसमें तीन लोगों की जान चली गयी। वहीं मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना एमपी के मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र की है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। सड़क के पास ख़ौफनाक मंज़र नज़र आ रहा था। टक्कर का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है की ऑटो के परखच्चे उड़ गए। वहीं ट्रेक्टर ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद ट्रेक्टर चालक मौके से फरार हो गया था।
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र में पाराशर की तिवरिया के पास हुआ। बानमोर के विजयपुरा क्षेत्र का राठौर परिवार अपने कुलदेवता हुराई भूमिया के दर्शन करने ऑटो से जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार मेंआ रहे पत्थरों से भरे ट्रैक्टर-ट्राली ने ऑटो में जबरदस्त टक्कर मार दी। जिसके बाद वह सड़क किनारे पलट गया। वहीं ऑटो चरपट हो गया।
हादसे में पठानपुरा-देवगढ़ निवासी 50 साल के महेंद्र राठौर, विजयपुरा निवासी 45 साल के मनोरमा राठौर और ऑटो चालक रामकेश कुशवाह की मौके पर ही जान चली गई। जबकि सूरज राठौर, अंजलि राठौर, गुंजन, तीन साल की वंशिका और मीना राठौर घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सूरज राठौर की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया वहीं तीनों डेडबॉडी को पीएम के लिए अस्पताल भेजा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही ट्रेक्टर चालक पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।------