सागर- विधायक के आश्वासन पर थमी नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल, सोमवार तक दिया अल्टीमेटम
सागर नगर निगम में पिछले 18 दिनों से जारी कर्मचारियों का आंदोलन फिलहाल सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। विधायक शैलेन्द्र जैन द्वारा कर्मचारियों की लंबित मांगों के जल्द निराकरण का आश्वासन दिए जाने के बाद कर्मचारी संगठनों ने कामबंद हड़ताल रोकने का फैसला लिया है। हालांकि कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि यदि सोमवार तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा। नगर निगम कर्मचारियों की 13 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन और कामबंद हड़ताल शुक्रवार को नए मोड़ पर पहुंच गई। नगर निगम-नगर पालिका कर्मचारी संघ और संयुक्त कर्मचारी कल्याण मोर्चा के नेतृत्व में कर्मचारी पहले पंडित मोतीलाल स्कूल से रैली निकालते हुए संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
इस बीच विधायक शैलेन्द्र जैन नगर निगम कार्यालय पहुंचे और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। विधायक ने दो दिनों के भीतर कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए प्रयास करने तथा हाल ही में जारी कुछ प्रशासनिक आदेशों को निरस्त कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारी संगठनों ने आपसी सहमति से हड़ताल सोमवार तक स्थगित करने की घोषणा की। कर्मचारी नेताओं राजेश सिंह राजपूत, हरेन्द्र खटीक और इकाई अध्यक्ष वर्षा समद्र ने कहा कि पिछले एक वर्ष से लगातार मांगें उठाई जा रही हैं, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उनका कहना है कि यदि तय समय सीमा तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पदोन्नति, समय पर वेतन भुगतान, जीपीएफ और एनपीएस की लंबित राशि जमा कराना, स्थायीकर्मियों का नियमितीकरण, अनुकंपा नियुक्ति, समयमान वेतनमान, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का भुगतान तथा सफाई कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश शामिल हैं। फिलहाल नगर निगम का कामकाज सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन अब सभी की नजर सोमवार पर टिकी है। यदि मांगों पर सहमति नहीं बनती है, तो नगर निगम कर्मचारियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो सकता है।