Sagar- देवरी के सरकारी स्कूलों में एडमिशन संकट! पत्रकारों ने खोला मोर्चा, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सागर जिले के देवरी में शासकीय स्कूलों की प्रवेश व्यवस्था सवालों के घेरे में है। करोड़ों रुपये की लागत से बने सांदीपनि हाई स्कूल यानी सीएम राइज स्कूल और कन्या शाला हाई स्कूल में छात्रों को समय पर प्रवेश नहीं मिलने से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। अब इस मुद्दे को लेकर देवरी पत्रकार कल्याण परिषद भी मैदान में उतर आई है।
परिषद के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। देवरी नगर के सांदीपनि हाई स्कूल और कन्या शाला हाई स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर लगातार अव्यवस्था की शिकायतें सामने आ रही हैं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक कई दिनों से स्कूलों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। इससे नए शैक्षणिक सत्र में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने लगी है।
इसी समस्या को गंभीरता से उठाते हुए देवरी पत्रकार कल्याण परिषद के सभी पत्रकारों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सरकार आधुनिक भवन, स्मार्ट क्लास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन यदि बच्चों को समय पर स्कूल में प्रवेश ही नहीं मिल पा रहा है तो यह पूरी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
परिषद ने मांग की है कि सांदीपनि हाई स्कूल और कन्या शाला हाई स्कूल की प्रवेश प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा सभी पात्र छात्र-छात्राओं को तत्काल प्रवेश दिलाया जाए। उनका कहना है कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और किसी भी विद्यार्थी को प्रशासनिक अव्यवस्था का शिकार नहीं होना चाहिए।
वहीं अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा सीटें उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है। लेकिन सवाल यह है कि यदि विद्यार्थियों की संख्या अधिक है तो शिक्षा विभाग ने पहले से इसकी तैयारी क्यों नहीं की? इस लापरवाही का खामियाजा अब बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। पत्रकार कल्याण परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों की होगी। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और छात्रों को कब तक राहत मिलती है।