पटाखा बुलेट वालों पर पुलिस का एक्शन ! रोड रोलर से कुचले गए साइलेंसर
एमपी के खंडवा में बुलेट से पटाखों जैसी आवाज निकालकर सड़कों पर रौब दिखाने वालों पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। शहर में लोगों की नींद और सुकून उड़ाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर अब पुलिस के निशाने पर हैं। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में जब्त किए गए साइलेंसरों को सोमवार शाम रोड रोलर चलाकर पूरी तरह चकनाचूर कर दिया गया। इस कार्रवाई का वीडियो भी अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल, शहर में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक देर रात बुलेट मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज के साथ सड़कों पर घूमते हैं। बुलेट से निकलने वाली पटाखों जैसी आवाजों से आम नागरिक खासे परेशान थे। कई लोगों ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने यातायात पुलिस और थाना प्रभारियों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके बाद शहर में विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया, जिसमें कई ऐसी बुलेट मोटरसाइकिलें पकड़ी गईं जिनमें अवैध और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे हुए थे। पुलिस ने इन वाहनों से साइलेंसर निकालकर जब्त कर लिया।
सोमवार को नगर निगम चौराहे पर इन जब्त साइलेंसरों पर रोड रोलर चलाकर नष्ट किया गया। पुलिस का उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई करना नहीं बल्कि लोगों को एक स्पष्ट संदेश देना था कि नियमों से खिलवाड़ और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। यातायात अधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।