Sagar- युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने हाईवे पर लगाया जाम, हत्या का लगाया आरोप
सागर जिले में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी और मामले की जांच का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
मामला सागर जिले के बंडा के ग्राम क्वायला निवासी 19 वर्षीय लोकेश सिंह का है। जानकारी के अनुसार लोकेश शनिवार सुबह से घर से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बंडा थाने में दर्ज कराई थी और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान युवक का शव सुरखी थाना क्षेत्र के बिलैया टोरिया इलाके में शव मिला था।
जैसे ही घटना की जानकारी परिजनों को मिली, परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि लोकेश के शरीर पर कई स्थानों पर धारदार हथियार या ब्लेड जैसे कट के निशान दिखाई दिए हैं। उनका कहना है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को जीवन लीला समाप्त करने का रूप देने की कोशिश की गई है।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार शाम करीब चार बजे नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। हाईवे पर प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
सूचना मिलते ही बंडा थाना प्रभारी आर.एस. कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी। कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर जांच जारी है।