Sagar-सर्वजीत की गिरफ्तारी पर सियासत गरम! मंत्री प्रहलाद पटेल बोले ये अपमान करने की कोशिश
सागर जिले में जिला पंचायत सदस्य और लोधी क्षत्रिय महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष सर्वजीत सिंह लोधी की गिरफ्तारी के बाद अब मामला राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। दो साल पुराने मामले में हुई इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने भी इस गिरफ्तारी को लेकर नाराजगी जताते हुए इसे अपमानित करने की कोशिश बताया है।
मामला बांदरी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-44 स्थित सौरभ ढाबे से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार करीब दो साल पहले ढाबे पर तोड़फोड़, मारपीट और हवाई फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में सर्वजीत सिंह लोधी सहित कई लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी सर्वजीत सिंह फरार चल रहे थे और हाल ही में घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हालांकि गिरफ्तारी को लेकर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं, क्योंकि स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वजीत पिछले दो वर्षों से सार्वजनिक कार्यक्रमों और राजनीतिक मंचों पर लगातार दिखाई देते रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी वे कई नेताओं के साथ तस्वीरें साझा करते रहे हैं।
गिरफ्तारी के बाद प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि दो वर्षों तक मामले को असमंजस में रखना और फिर अचानक गिरफ्तारी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे किसी व्यक्ति को अपमानित करने की कोशिश बताया और ऐसी कार्रवाई की निंदा की।
दिलचस्प बात यह भी है कि दो साल पहले इसी मामले में कार्रवाई करने वाले तत्कालीन थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत को लाइन अटैच कर दिया गया था। अब संयोग देखिए कि दोबारा बांदरी थाना की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्हीं के नेतृत्व में सर्वजीत सिंह की गिरफ्तारी हुई।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अब यह मामला कानून के साथ-साथ राजनीतिक चर्चाओं का भी विषय बन गया है।