झूठी रिपोर्ट कर लोगों को फंसाया, जांच में खुल गई पोल, तीन आरोपियों को जेल दो की तलाश जारी
कुछ लोगों के खिलाफ मर्डर की झूठी रिपोर्ट कर उन्हें फंसाने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया की ये मामला मर्डर का नहीं बल्कि एक हादसा था। झूठी रिपोर्ट करने पर तीन लोगों को गिरफ्तार करते हुए उन्हें जेल भेजा गया है जबकि दो फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। यह मामला उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र से सामने आया है। बताया जा रहा है की घटना बीते महीने 11 जून को हुई थी। जहां राहुल चौहान नाम के युवक की जान गई थी। ये मर्डर नहीं बल्कि हादसा था।
पुलिस के मुताबिक 11 जून 2026 को मृतक राहुल चौहान अपने साथी राजेश, ईश्वर, भूपेन्द्र, भरत और सत्यनारायण के साथ बलेड़ी ठेके के पास शराब पीकर तीन मोटरसाइकिल से भूरालाल के खेत पर पहुंचा। वहां आरोपियों ने टापरी और ट्यूबवेल में तोड़फोड़ की। इसी दौरान विद्युत पोल तोड़ते समय पोल राहुल के सिर पर गिर गया जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। मृतक के भाई शिवनारायण उर्फ शिवा ने पुलिस को गुमराह कर भूरालाल, रोहित, दीपक और विशाल पर फरसी और लकड़ी से मारपीट कर मर्डर का आरोप लगाते हुए झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू की लेकिन घटनास्थल पर साक्ष्य न मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। मुखबिरों और साथियों से पूछताछ में हकीकत सामने आ गई। अब पुलिस ने आरोपी भरत, राजेश और ईश्वर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि भूपेन्द्र और सत्यनारायण अभी फरार हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को बड़नगर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस आगे की कार्यवाई में जुटी हुई है।--