सागर- तेज रफ़्तार कार ने दो युवकों को उड़ाया, फिर मौके से हुआ फरार,दोनों युवक पहुंचे अस्पताल
सागर जिले में दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। आये दिन कई तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी तरह सागर के खुरई थाना क्षेत्र से भी तेज रफ़्तार कार की वजह से दो युवक घायल हो गए। जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। गनीमत की बात ये है की इस दौरान कोई जनहानि नहीं हो पाई। बताया जा रहा है की खुरई के अंबेडकर चौराहा के पास एक तेज रफ्तार कार ने राहगीर दो युवकों को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों युवक घायल हुए हैं। दोनों युवक काम से वापिस अपने घर लौट रहे थे लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। और कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक राहुल रैकवार और हरप्रसाद रैकवार दोनों निवासी चिरौंजी कॉलोनी ऋषभ कुमार वार्ड, जो गढ़ौला नाका स्थित होटल में काम करते हैं। होटल में काम करने के बाद वह अपने घर लौट रहे थे। तभी अंबेडकर चौराहा के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने दोनों को पीछे से टक्कर मार दी। जिसमें दोनों युवक घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी डॉयल 112 को दी। सूचना लगते ही डॉयल 112 मौके पर पहुंची। जिसकी मदद से दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया की घायलों के पैरों, हाथों समेत अन्य जगहों पर चोटें आई हैं। वहीं टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। जिसका कुछ पता नहीं चल पाया है।---