दान पेटी तोड़ने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, मठ मंदिर चोरी का 24 घंटे में खुलासा! | SAGAR TV NEWS |
पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। धार्मिक आस्था से जुड़े मठ मंदिर में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने न सिर्फ मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, बल्कि चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कई और मंदिरों में चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया है। मामला एमपी के सीहोर कोतवाली क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक मठ मंदिर का है। जानकारी के अनुसार, शातिर चोरों ने मंदिर की दान पेटी को निशाना बनाया था। आरोपी दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और मंदिर समिति में भारी नाराजगी देखी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आधुनिक तकनीक, मुखबिर तंत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर संदेही राज उर्फ राजू को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब सवा लाख रुपये कीमत का पूरा चोरी गया मशरुका बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सीहोर के करौली माता मंदिर और आष्टा स्थित माता मंदिर में भी चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है और आदतन अपराधी बताया जा रहा है। इस कार्रवाई में मंदिर समिति के सदस्यों ने भी पुलिस का सहयोग किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।