शादी का झांसा, प्यार का जाल और 26 लाख की ठगी! रूस भागने से पहले एयरपोर्ट पर दबोचा गया शातिर
ऑनलाइन रिश्तों की दुनिया में एक बार फिर भरोसे को बड़ा झटका लगा है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने शादी का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी का पर्दाफाश किया है। आरोपी ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर खुद को मर्चेंट नेवी अधिकारी बताकर महिला को अपने जाल में फंसाया, शादी का भरोसा दिया और फिर बीमारी से लेकर कई तरह की मजबूरियों का हवाला देकर करीब 27 लाख रुपये की ठगी कर ली। लेकिन जब आरोपी देश छोड़कर रूस भागने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे एयरपोर्ट से दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान नोएडा निवासी जितेंद्र छोनकर उर्फ जीतू के रूप में हुई है। आरोपी ने जीवनसाथी वेबसाइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाई थी और खुद को मर्चेंट नेवी में उच्च पद पर कार्यरत बताया था। इसी दौरान उसकी पहचान एक महिला से हुई और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया और शादी करने का वादा किया। इसके बाद उसने अलग-अलग बहानों से महिला से पैसे मांगना शुरू कर दिया। कभी उसने खुद को गंभीर बीमारी से पीड़ित बताया तो कभी इलाज और अन्य जरूरी खर्चों का हवाला दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला से कुल 26 लाख 86 हजार 500 रुपये ठग लिए।
जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उसने इंदौर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी विदेश भागने की तैयारी कर रहा है। 27 जून को आरोपी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचा था, जहां वह रूस जाने वाला था। लेकिन इमिग्रेशन जांच के दौरान उसके खिलाफ दर्ज मामला सामने आ गया और उसे रोक लिया गया। सूचना मिलते ही इंदौर पुलिस दिल्ली पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर इंदौर ले आई। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार तो नहीं बनाया।