स्कूल में खेल-खेल में फट गया ज़िंदा बम, छत में आई दरारें दूर तक गूंजी आवाज, दो मासूम बच्चे घायल
स्कूल में अचानक ज़िंदा बम फट गया, जिससे दो बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था की स्कूल की छत में दरारें आ गई। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। दिल दहला देने वाली घटना छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र से सामने आई है। जिसके बाद दहशत फ़ैल गयी। घायल दोनों बच्चों को इलाज के लिए आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है की ये पूरी घटना छतरपुर के चंदला थाना अंतर्गत सिलगांव से सामने आई है। जहां प्राथमिक स्कूल में जिंदा बम फटने से दो मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक बीते 22 जून को स्कूल परिसर में एक बारात रुकी हुई थी। जिसमें शामिल बाराती विस्फोटक सामग्री लिए हुए थे। जिसमें से वह वहां एक जिंदा बम छोड़ गए थे। जो वहीं पर पड़ा रहा। 24 जून को जब बच्चे स्कूल पढ़ने आए तो 8 साल का कालका दीन और उसके साथी राहुल को वह लावारिस बम मिल गया। दोनों बच्चों को पता नहीं था। बच्चे उसे खेल-खेल में लेकर पुरानी बिल्डिंग में ले गए। जैसे ही बच्चों ने बम से छेड़छाड़ की तभी एक जोरदार धमाका हुआ। ब्लास्ट इतना भयंकर था की स्कूल की छत में दरारें आ गईं वहीं दोनों बच्चे लहूलुहान हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना ने स्कूल प्रबंधन और चंदला पुलिस की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल ये है की आखिर स्कूल परिसर में जिंदा बम पड़ा रहा और किसी को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बारात में शामिल लोगों, विस्फोटक सामग्री के स्रोत और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।-