सागर- शादी के तीसरे दिन दुल्हन फरार! गहने-नकदी लेकर हुई गायब, 1.20 लाख में तय हुआ था रिश्ता
सागर जिले से शादी के नाम पर कथित ठगी और धोखे का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज तीसरे दिन दुल्हन घर से नकदी और गहने लेकर फरार हो गई। परिवार जब सुबह उठा तो नई दुल्हन घर में नहीं थी और खुशियों का माहौल देखते ही देखते सदमे में बदल गया। मामला जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम महुआखेड़ा पेगवार का है। पीड़ित नोनीराम पटेल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पत्नी के निधन के बाद वह अपने लिए जीवनसाथी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात कंदेला निवासी रामनारायण दुबे से हुई, जिसने छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी गांव निवासी रुक्मणी चतुर्वेदी से विवाह कराने की बात कही।
नोनीराम के अनुसार उन्हें बताया गया कि रुक्मणी भी विधवा है और उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। बातचीत के बाद रिश्ता तय हुआ और शादी कराने के एवज में 1 लाख 20 हजार रुपये दिए गए। 19 जून को दोनों पक्ष सागर पहुंचे, जहां पहले कोर्ट मैरिज कराई गई और अगले दिन रानगिर माता मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। शादी के दौरान रुक्मणी के साथ एक व्यक्ति भी मौजूद था, जिसे उसका जीजा बताया गया था।
लेकिन शादी के महज तीसरे दिन, यानी 21 जून की रात दुल्हन कथित तौर पर अलमारी से करीब 30 हजार रुपये नकद, चांदी की करधोनी, पायल और मंगलसूत्र लेकर गायब हो गई। सुबह परिवार के लोगों ने जब घर में तलाश की तो वह नहीं मिली। ग्रामीणों ने बताया कि देर रात एक कार गांव में आई थी और उसमें मौजूद व्यक्ति शादी में शामिल उसी युवक जैसा दिखाई दे रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि यह मामला शादी के नाम पर धोखाधड़ी के एंगल से भी जांच का विषय बन गया है।