नाले में उफान से MP-महाराष्ट्र संपर्क टूटा, पहली बारिश में सिस्टम हुआ फेल! | SAGAR TV NEWS |
एमपी के बुरहानपुर जिले में मानसून की पहली तेज बारिश ने आते ही प्रशासनिक व्यवस्थाओं की हकीकत सामने ला दी। बारिश के बाद ऐसी तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। नेपानगर क्षेत्र में पांडारोल नाला उफान पर आ गया, जिससे मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। बारिश के बाद नाले की पुलिया पर तेज बहाव के साथ पानी बहने लगा, जिसके कारण दोनों राज्यों के बीच आवागमन ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोग रास्ते में फंस गए तो कुछ को अपना सफर बीच में ही रोकना पड़ा।
सबसे बड़ी बात यह सामने आई कि जिस पुलिया के निर्माण कार्य को समय पर पूरा होना चाहिए था, वह एक साल बाद भी अधूरा पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान इसी तरह की स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पुलिया के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से पानी के बीच रास्ता पार न करने की अपील की है। उधर नेपानगर में सिर्फ दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने न्यायालय परिसर को भी तालाब में बदल दिया।
परिसर में पानी भरने से अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण न्यायिक कार्य भी प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने की वजह से हर बारिश में यही हालात बनते हैं। पहली ही बारिश में सड़कें, पुलिया और सरकारी व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में आ गई हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस बार सिर्फ निरीक्षण करेंगे या स्थायी समाधान की दिशा में भी काम होगा।