अस्पताल में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली,सहायक अधीक्षक से वसूले 50 रूपये,लगा 50 हजार रुपये जुर्माना
अस्पातल में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का खेल किया जा रहा है। हद्द तो तब हो गयी जब अस्पताल के ही सहायक अधीक्षक से 20 रूपये तय बीस की वजह 50 रूपये वसूल लिए गए। मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। खुद डॉक्टर ने इस पूरे मामले का वीडियो बनाकर खेल को बेनकाब किया।
मामला ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल जेएएच का है। जहां पार्किंग शुल्क वसूली को लेकर बड़ा खुलासा हुआ। ओवरचार्जिंग के प्रमाण मिलने के बाद पार्किंग संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सहायक अधीक्षक द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है की जेएएच अस्पताल परिसर में पार्किंग शुल्क को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। मरीजों और उनके परिजनों का आरोप था कि पार्किंग ठेकेदार निर्धारित दरों से ज्यादा शुल्क वसूल रहा है। इस मामले में अस्पताल के सहायक अधीक्षक डॉ. एम.एल. माहौर से उनकी चार पहिया वाहन की पार्किंग के लिए 50 रुपये वसूले गए। जबकि टेंडर की शर्तों के मुताबिक चार पहिया वाहन की पार्किंग फीस मात्र 20 रुपये निर्धारित है। डॉ. माहौर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया और पार्किंग की रसीद भी हासिल की। रसीद में 50 रुपये शुल्क दर्ज होने से ओवरचार्जिंग का स्पष्ट प्रमाण सामने आ गया।
जानकारी के मुताबिक अस्पताल परिसर में पार्किंग शुल्क को लेकर पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। मरीजों और अटेंडरों ने ज्यादा वसूली के साथ-साथ अभद्र व्यवहार की भी शिकायत की थी। जिनके आधार पर पूर्व में अस्पताल अधीक्षक द्वारा पार्किंग ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया था। सहायक अधीक्षक के साथ हुई इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए पार्किंग संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही भविष्य में निर्धारित दरों के अनुसार ही शुल्क वसूली करने के निर्देश दिए गए हैं।------