सागर-सराफा व्यापारी से लूट का खुलासा, चाकू दिखाकर लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में हुई लूट और मारपीट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने चाकू की नोक पर एक सराफा व्यापारी को निशाना बनाया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल चाकू, लूट की रकम और घटना में उपयोग किया गया ऑटो भी जब्त कर लिया है। हालांकि इस मामले के दो आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, फरियादी मनीष सोनी सराफा व्यवसाय से जुड़े हैं और 17 जून को बड़ा बाजार से सामान खरीदने के लिए 35 हजार रुपये लेकर निकले थे। शाम के समय जब वह गुलाब बाबा मंदिर के पास पहुंचे, तभी एक सवारी ऑटो से आए पांच युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले व्यापारी को घेर लिया और फिर चाकू अड़ाकर उसके पास रखी नकदी और आधार कार्ड की फोटोकॉपी वाली पॉलिथीन छीन ली। जब व्यापारी ने विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलते ही मोतीनगर पुलिस ने जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए निखिल बंसल, ओम कोरी और गोलू सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू, लूट की रकम में से 5 हजार रुपये नकद और सवारी ऑटो बरामद कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों आरोपियों को पैदल जुलूस के रूप में न्यायालय लेकर पहुंची, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।