MP | गैस वेंडर बनकर करते थे चोरी! 34 सिलेंडरों के साथ शातिर गैंग गिरफ्तार
दुनियाभर में ईरान, इराक और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण ऊर्जा संकट और गैस आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। इसी बीच मध्यप्रदेश के इंदौर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां गैस सिलेंडर की बढ़ती मांग को कमाई का जरिया बनाकर एक शातिर गिरोह लोगों को निशाना बना रहा था। यह गैंग गैस वेंडर बनकर घरों में घुसता था और फिर सिलेंडर लेकर फरार हो जाता था। लेकिन अब पुलिस ने इनके खेल का पर्दाफाश कर दिया है। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 34 घरेलू गैस टंकियां बरामद की हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें और वाहनों में उपयोग होने वाली बैटरियां भी जब्त की गई हैं। जानकारी के मुताबिक 10 जून को फरियादी कमलेश ने गैस टंकी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले और फिर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने स्वीकार किया कि तेजाजी नगर के अलावा राऊ, खजराना, आजाद नगर और अन्य इलाकों में भी उन्होंने कई वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपियों में राहुल और सौरव पहले गैस एजेंसियों में काम कर चुके थे, इसलिए उन्हें गैस सिलेंडर की सप्लाई और बिक्री की पूरी जानकारी थी। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह अब तक करीब 50 गैस टंकियां चोरी कर चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के सिलेंडर किन लोगों को बेचे गए।