सागर के 3 लोगों की मौत, बस-कार आई आमने-सामने और फिर मासूम पर टूटा दुखों का पहाड़
दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। बस और कार की आमने-सामने की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि एक मासूम ने एक ही पल में अपने माता-पिता और भाई को खो दिया। मामला एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के जबेरा थाना क्षेत्र के पुरनयाऊ गांव के पास का है।
जानकारी के अनुसार दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर एक लाल रंग की आई-20 कार और यात्री बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
इस भीषण हादसे में शाहगढ़ निवासी अखिलेश प्रजापति, मुकेश प्रजापति और माया प्रजापति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार चालक राशिद खान घायल हो गए, जबकि रीना प्रजापति गंभीर रूप से घायल हुईं। प्राथमिक उपचार के बाद रीना को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में रीना ने अपनी मां, पिता और भाई को हमेशा के लिए खो दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद दमोह एसपी आनंद कलादगी, एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क पर बने गड्ढे हादसे का एक संभावित कारण बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।