डीजल न मिलने से नाराज़ किसानों ने किया चक्काजाम, पेट्रोल पंप पर किया हंगामा, फिर सड़क कर दी जाम
इन दिनों किसानों के लिए डीजल पेट्रोल की समस्या देखने को मिल रही है। आलम ये है की कई जगहों से विवाद की ख़बरें भी सामने आ रही हैं। इसी तरह का मामला भी देखने को मिला, जब किसानों को पेट्रोल पंप पर डीजल नहीं मिला तो उन्होंने पहले पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया। इसके बाद सड़क पर चक्काजाम कर दिया। जिससे वाहनों की आवाजाही रुक गयी।
बड़ी संख्या में किसानों ने लखनादौन-मंडला मार्ग पर चक्काजाम कर नारेबाजी करते हुए आक्रोश जाहिर किया। तस्वीरें सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र से सामने आई हैं। जहां लोगों को डीजल न मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल किसानों का आरोप था की पेट्रोल पंप पर डीजल उपलब्ध होने के बावजूद उन्हें डीजल नहीं दिया जा रहा।
मामले की सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाइश दी। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में पेट्रोल पंप संचालक ने फिर से डीजल वितरण शुरू किया। जिसके बाद किसानों ने चक्का जाम खोल दिया।
बताया जा रहा है की सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में डीजल की कमी को लेकर किसानों का गुस्सा सड़क पर देखने को मिला। घंसौर स्थित जय जिनेंद्र पेट्रोल पंप पर किसानों को डीजल न मिलने पर बड़ी संख्या में आक्रोशित किसानों ने लखनादौन-मंडला मार्ग पर चक्काजाम किया था। किसानों का आरोप था की पेट्रोल पंप संचालक ने डीजल उपलब्ध न होने का हवाला देते हुए डीजल देना बंद कर दिया। जिससे खेती-किसानी और कृषि कार्य प्रभावित होने लगे। डीजल न मिलने से नाराज किसानों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। पुलिस प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद किसान शांत हुए।------