सागर- विधवा बहु ने ससुर को ही लूट लिया, पुरुष मित्र के साथ निकाले 5 लाख, आरोपी गिरफ्तार बहु फरार
सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां विधवा बहु ने अपने पुरुष मित्र के साथ मिलकर अपने ही ससुर को लूट लिया। पहले तो दोनों ने ससुर को डरा धमकाकर बीस हजार रूपये छीन लिए साथ ही आधार कार्ड और कीपेड मोबाइल भी ले गए। जिसके बाद यूपीआई पिन जेनरेट कर खाते से पांच लाख रूपये भी निकाल लिए। मामले में पुलिस ने कार्यवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि बहु अभी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
यह पूरा मामला बीना के हड़कारी गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक करीब साढ़े तीन महीने पहले एक विधवा बहु ने अपने पुरुष मित्र के साथ मिलकर अपने ससुर के साथ लूट, धोखाधड़ी और चोरी की घटना को अंजाम दिया था। ससुर ने बीते 14 जून को मामला दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने कार्यवाई करते हुए मामले का खुलासा कर महिला के पुरुष मित्र को गिरफ्तार किया।
बताया गया की चतुर्भुज रैकवार ने बीते 14 जून को बीना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी की 6 मार्च 2026 को उसकी बहू सुनीता रैकवार अपने मित्र माखन पवार के साथ घर आई। दोनों ने चतुर्भुज रैकवार से मोबाइल, आधार कार्ड और 20 हजार रूपए मांगे। कारण पूछने पर आरोपी माखन पवार ने चाकू दिखाकर धमकाया और फरियादी से कीपेड मोबाइल, आधार कार्ड और 20 हजार रूपए लूट लिए।
आरोपियों ने धमकी दी की अगर घटना किसी को बताई तो जान से खत्म कर देंगे। इस डर से फरियादी ने किसी को कुछ नहीं बताया। फरियादी का खाता नंबर और आधार कार्ड मोबाइल नंबर से लिंक था। युवक ने यूपीआई पिन जनरेक्ट कर मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजी जो आरोपी के पास था। इसके जरिए आरोपी ने पांच लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। जिसके पास से पुलिस ने 5 हजार रुपए नगद, एक बाइक और चाकू जब्त किया है। मामले में थाना प्रभारी अनूप यादव ने जानकारी दी।