Sagar- खेतों में पहुंचे विदेशी मेहमान, जैविक और प्राकृतिक खेती की बारीकी से जानकारी ली
सागर जिले के बीना क्षेत्र के एक गांव में विदेशों से आये हुए विदेशी मेहमान पहुंचे। जहां पर उन्होंने खेतों का निरीक्षण किया। साथ ही जैविक और प्राकृतिक खेती को बारीकी से देखा और परखा। प्राकृतिक खेती की अलग-अलग पद्धतियों, फसल प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पहलुओं की जानकारी हासिल की।
इस दौरान किसान ने उन्हें बारीकी से खेती में उपयोग की जा रही हर चीज के बारे में विस्तार से बताया। बता दें की बीना के गुलौआ गांव में जैविक और प्राकृतिक खेती के मॉडल का अध्ययन करने विदेशियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भ्रमण किया। इस दौरान दल ने खेतों का निरीक्षण कर प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी ली।
बताया गया की बीना के गुलौआ गांव में किसान उमेश पटेल के बगीचे पर पहुंचकर विदेशी डेलीगेट्स ने फील्ड विजिट की। प्रतिनिधिमंडल में जर्मनी से मिस्टर हेन्स क्लेन, कैमरून से मिस माइकल लाटा, कनाडा से मिस्टर जूलियन मेलार्ड समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय डेलीगेट्स शामिल हुए। भ्रमण के दौरान किसानों और कृषि विशेषज्ञों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया की प्राकृतिक खेती में फसलों के लिए लाभकारी मित्र कीटों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
ये कीट फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले हानिकारक कीटों को नियंत्रित करने में सहायक होते हैं। जिससे रासायनिक कीटनाशकों की आवश्यकता कम हो जाती है। विदेशी दल ने मित्र कीटों और हानिकारक कीटों की पहचान, उनकी भूमिका साथ ही जैविक तरीके से उनके प्रबंधन की जानकारी भी ली। खुरई के एक निजी गार्डन में बुधवार से दो दिनों तक कृषि से जुड़े 4 प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी।