Sagar- रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप ! 100 छात्रों को फेल-सप्लीमेंट्री आने पर ABVP का प्रदर्शन, प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
सागर जिले के गढ़ाकोटा शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। बी.ए., बी.एससी. और बी.कॉम. तृतीय वर्ष के करीब 100 छात्र-छात्राओं को फेल और सप्लीमेंट्री आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी एबीवीपी ने मोर्चा खोल दिया है। परिषद के पदाधिकारियों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर रिजल्ट की जांच और त्रुटियों को सुधारने की मांग की है।
सोमवार को बड़ी संख्या में एबीवीपी पदाधिकारी और छात्र शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पहुंचे। छात्रों का कहना है कि घोषित परीक्षा परिणाम में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। कई ऐसे छात्र हैं जिन्होंने परीक्षा अच्छी तरह दी थी, लेकिन उनके परिणाम में फेल या सप्लीमेंट्री दिखा दी गई है। छात्रों का आरोप है कि परिणाम आने के बाद करीब 100 छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव में हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि मेहनत के बावजूद उनका परिणाम खराब कैसे आ गया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्राचार्य को दिए ज्ञापन में मांग की है कि विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर पूरे परिणाम की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि मूल्यांकन या तकनीकी स्तर पर कोई त्रुटि हुई है, तो उसे तत्काल सुधारते हुए संशोधित परिणाम जारी किए जाएं। छात्रों ने चेतावनी भी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एबीवीपी आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी। वहीं छात्र अतुल तिवारी ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और वे सिर्फ निष्पक्ष जांच और सही परिणाम की मांग कर रहे हैं।
मामले को लेकर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य घनश्याम भारती ने कहा कि विद्यार्थियों का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और संबंधित जानकारी विश्वविद्यालय को भेजी जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिजल्ट में गड़बड़ी के आरोपों ने छात्रों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन पर टिकी है कि आखिर इन छात्रों की शिकायतों का समाधान कब तक होता है और क्या परिणाम में किसी तरह की त्रुटि सामने आती है।