पानी में डूब रही थी माँ और दो बच्चे,नाविकों ने जान पर खेलकर बचाई जान, बड़ी घटना टल गई SAGAR TV NEWS
कहते हैं की सावधानी में ही सुरक्षा है। ज़रा सी चूक और लापरवाही भारी पड़ जाती है। इसी तरह वृंदावन से आया हुआ एक परिवार घाट पर स्नान कर रहा था। जो एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गया। दरअसल नहाते समय एक बच्ची का पैर फिसल गया उसे बचाने उसकी माँ पहुंची लेकिन दोनों डूबने लगी तभी उनका बेटा भी गहरे पानी में चला गया। जिसके बाद तीनों को नाविकों ने बचाया। यह पूरा मामला खंडवा जिले के तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर के केवलराम घाट से सामने आया है। जहां एक बहुत बड़ी अनहोनी होने से टल गई। बताया जा रहा है की नर्मदा नदी में स्नान के दौरान एक ही परिवार के तीन सदस्य गहरे पानी में डूबने लगे थे। जिन्हें घाट पर मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिससे उनकी जान बच गई।
बताया जा रहा है की वृंदावन से आया एक परिवार केवलराम घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान 8 साल की सृष्टि का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाने लगी। बच्ची को बचाने उसकी मां पानी में उतरी, लेकिन उनका भी संतुलन बिगड़ गया। दोनों को डूबता देख 12 साल का बच्चा भी बचाने पहुंचा। लेकिन संतुलन बिगड़ने से उसका भी पैर फिसल गया और वह डूबने लगा। यह देख नाविक पंकज केवट, मुकेश वर्मा और विजय दंगोड़े तुरंत नदी में कूद पड़े जहां साहस और सूझबूझ दिखाते हुए उन्होंने तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।