नहर में समा गई थी सेना के जवान की बॉडी,6 दिन बाद मिल सकी,पैरा ब्रिगेड कमांडो का सफल रेस्क्यू
सेना के जवान छुट्टी पर अपने गांव आये हुए थे और परिवार के साथ घूमने गए थे। लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने की वजह से वह नहर के तेज बहाव में बह गए। जिनको लगातार तलाश की जा रहा था। वहीं करीब 6 दिन बाद मंगलवार को उनकी डेड बॉडी बरामद की गयी। यह पूरा मामला रीवा जिले से सामने आया है। बताया गया की सिलपरा नहर में भारतीय सेना के जवान लापता हो गए थे। जिनकी बॉडी 6 दिन बाद बरामद की जा सकी। घटना के बाद से लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। जिसके बाद सेना की विशेष कमांडो टीम की मदद से जवान का पता लगाया गया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक़ पिछले हफ्ते बुधवार को ये घटना हुई थी। जिसके बाद स्थानीय प्रशासन, एसडीईआरएफ और अन्य बचाव दलों ने लगातार कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। वाराणसी से आई विशेषज्ञ टीमों ने भी खोज अभियान में हिस्सा लिया। लेकिन नहर के तेज बहाव और गहराई की वजह से जवान का कोई सुराग नहीं मिला। फिर सेना को सूचना दी गई। जिसके बाद आगरा से 411 पैरा ब्रिगेड की विशेष कमांडो टीम रीवा पहुंची। आधुनिक ड्रोन तकनीक और विशेष उपकरणों की मदद से टीम ने महज दो घंटे के अंदर जवान की बॉडी की लोकेशन ट्रेस कर ली। लेकिन नहर में पानी का स्तर ज्यादा होने और टरबाइन के दबाव के कारण बॉडी को बाहर निकालना संभव नहीं था। कमांडो टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ नहर का जलस्तर कम कराया। इसके बाद रेस्क्यू कर बॉडी बरामद की गई।
वहीं इस दौरान एकबात प्रमुखता से उठी की स्थानीय बचाव एजेंसियों के पास आधुनिक तकनीकी संसाधनों की कमी के कारण जवान का पता लगाने में देरी हुई। अगर ऐसा पहले ही किया जाता तो इतना ज्यादा समय नहीं लगता।
जवान के निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है। जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।