Sagar- मनु सोनी की बहन ड्रग्स तस्करी में गिरफ्तार, सरगना अब भी फरार, कटर गैंग पर पुलिस का शिकंजा !
सागर में अपराध की दुनिया से जुड़ा एक बड़ा खुलासा सामने आया है। कटर गैंग के सरगना और पुलिस के लिए सिरदर्द बने मनु सोनी की बहन को ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में ऐसे खुलासे हुए हैं, जिन्होंने गैंग के अवैध कारोबार की परतें खोल दी हैं। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क केवल मारपीट, लूट और हत्या तक सीमित नहीं था, बल्कि नशे के कारोबार से भी जुड़ा हुआ था।
वहीं दूसरी ओर, गैंग का सरगना मनु सोनी और उसका साथी यश उर्फ चूहा अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। जानकारी के मुताबिक मनु सोनी कम उम्र में ही अपराध की दुनिया का बड़ा नाम बन गया। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले मनु ने शुरुआत छोटी-मोटी चोरी से की थी, लेकिन जल्द ही वह लूट, वसूली, मारपीट और गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल हो गया। धीरे-धीरे उसने अपना गैंग तैयार किया और शहर में कटर गैंग के नाम से पहचान बना ली।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मनु सोनी पर हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, लूट, डकैती और अवैध हथियार रखने जैसे कई संगीन अपराध दर्ज हैं। हाल ही में मोतीनगर थाना क्षेत्र में हुई युवक की सरेराह गोली मारकर हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया है। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे भी गैंग की भूमिका रही है। इसी बीच पुलिस ने मनु सोनी की बहन को ड्रग्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है।
पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच में यह संकेत मिले हैं कि फरार होने के बाद मनु ने अपने कथित नशा तस्करी नेटवर्क की जिम्मेदारी अपनी बहन को सौंप दी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंग युवाओं को महंगी जीवनशैली, लग्जरी गाड़ियों और आसान पैसे का लालच देकर अपने साथ जोड़ता था। इसके बाद उन्हें अपराध और नशे के कारोबार में धकेला जाता था। फिलहाल पुलिस की विशेष टीमें और साइबर सेल मनु सोनी तथा उसके साथी यश उर्फ चूहा की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। मनु सोनी की बहन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। हालांकि गैंग का सरगना अभी भी फरार है, जिससे पुलिस की चुनौती बनी हुई है। शहर में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं और लोगों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि आखिर पुलिस कब तक इस कुख्यात गैंग के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पाती है।