ट्रैक्टर समेत 50 फीट गहरे कुएं में गिरा किसान, और फिर हा दसे में गई जान
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। खेत में कृषि कार्य कर रहे किसान का ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर बिना मुंडेर वाले कुएं में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। यह हादसा छिंदवाड़ा जिले के चांद थाना क्षेत्र के उभेगांव गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार किसान गेदसिंग वानखेड़े अपने खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत के बीच स्थित बिना मुंडेर वाले कुएं के पास ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया।
देखते ही देखते ट्रैक्टर चालक सहित सीधे कुएं में जा गिरा। हादसे के वक्त आसपास मौजूद लोगों ने जोरदार आवाज सुनी तो मौके की ओर दौड़े। कुएं में ट्रैक्टर गिरा देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चांद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कुएं की गहराई और ट्रैक्टर के पूरी तरह नीचे फंस जाने के कारण राहत कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
इसके बाद जेसीबी मशीन और अन्य संसाधनों की मदद से कई घंटे तक प्रयास किए गए। आखिरकार ट्रैक्टर को कुएं से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में बने कई कुएं बिना मुंडेर के हैं, जो लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे कुओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे दुर्घटना माना जा रहा है। छिंदवाड़ा का यह हादसा एक बार फिर खेतों में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलता नजर आ रहा है। सवाल यह है कि आखिर बिना मुंडेर वाले ये कुएं कब तक लोगों की जान लेते रहेंगे? फिलहाल गांव में मातम और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।