जमकर बरसी आसमानी आफत, बिजली गिरने से चचेरे-भाई बहन समेत 4 की गई जान, 4 मवेशी भी नहीं बचे
अलग-अलग परिवारों पर ऐसी आसमानी आफत बरसी की पल भर में दो चचेरे भाई बहन समेत चार लोगों की दुखद जान चली गयी। जिनमें जिसके बाद परिवारों में मातम पसर गया। जबकि एक गाय समेत चार मवेशियों ने भी दम तोड़ दिया। एमपी के सिंगरौली जिले में तेज गरज चमक के साथ आसमानी बिजली ने जमकर कहर बरपाया।
बताया जा रहा है की ये घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई। जिनमें दो सगे चचेरे भाई-बहन समेत कुल 4 लोगों की जान गयी। जबकि चितरंगी क्षेत्र में चार मवेशियों की जान चली गयी। जानकारी के मुताबिक सरई थाना क्षेत्र के धिरौली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से चचेरे भाई-बहन सुरूज कुमारी कुशवाहा 12 साल और वेदप्रसाद कुशवाहा 16 साल ने दम तोड़ दिया। दोनों बच्चे घर के पास आम बीन रहे थे। तभी अचानक आकाशीय बिजली उन पर गिरी। गंभीर रूप से झुलसे दोनों बच्चों को आनन-फानन में परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो बच्चों के साथ दुखद घटना होने से परिजन सदमे में हैं।
इसके अलावा रम्पा गांव के पास अक्षय कुमार यादव 21 साल भी बिजली की चपेट में आ गया। अक्षय रजमिलान से घरेलू सामान लेकर घर लौट रहा था। लेकिन घर से महज चंद कदम की दूरी पर पहुँचने के दौरान ही अचानक शुरू हुई बूंदाबांदी के दौरान बिजली गिरने से वह झुलस गया जिसके बाद उसकी भी सांसें थम गयी। वहीं बरगवां थाना क्षेत्र के उज्जैनी गांव में आकाशीय बिजली का प्रकोप देखने को मिला। 10 साल का बच्चा तुलसीदास कोल साइकिल से दोस्तों के पास घूमने जा रहा था। जहां बिजली की चपेट में आने से उसकी जान चली गयी।
इस सब के अलावा चितरंगी थाना क्षेत्र के रजदहा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से राजेन्द्र यादव की एक गाय और तीन बैलों ने दम तोड़ दिया। बारिश से बचने मवेशी एक पेड़ के नीचे खड़े थे तभी बिजली उन पर कहर बनकर गिरी और बचने का मौका नहीं मिला।