बढ़ती महंगाई आसमान छूते दामों को लेकर शिवसैनिकों का अनूठा प्रदर्शन, साइकिल रैली निकाल जताया विरोध
बढ़ती हुई महंगाई को लेकर शिवसेना का अनूठा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। जहां कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर साइकिल रैली निकाली साथ ही सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर करते हुए जमकर नारेबाजी भी की। शिवसैनिकों ने उज्जैन जिले के नागदा में देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, घरेलु गैस, पेट्रोल-डीजल और रोज मर्रा की ज़रूरी चीजों के आसमान छूते दामों को लेकर प्रदर्शन किया। साथ ही महामहिम राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। और महंगाई पर अंकुश लगाए जाने की मांग की।
यह आंदोलन शिवसेना जिला ग्रामीण अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार भाट के नेतृत्व में आयोजित किया गया। जिसके तहत विशाल साइकिल रैली की शुरुआत स्थानीय नागदा रेलवे स्टेशन से हुई। यहां से सभी शिवसैनिक साइकिलों पर सवार होकर जवाहर मार्ग होते हुए बस स्टैंड चैराहा पहुंचे। इसके बाद रैली एप्रोच रोड से गुजरते हुए सीधे एसडीएम कार्यालय परिसर पहुंची। शिवसैनिक हाथों में तख्तियां और महंगाई विरोधी नारे लिखी पट्टिकाएं थामे हुए थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर रोक लगाए जाने के नारे भी लगाए।
शिवसैनिकों ने कहा की आज देश की आम जनता, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग महंगाई के बोझ तले दबा जा रहा है। रसोई गैस से लेकर खाद्य पदार्थों के दाम आम आदमी के बजट से बाहर हो चुके हैं। सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज हर वर्ग त्रस्त और परेशान है। शिवसेना संभाग प्रभारी विजय चावला ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही इन बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण नहीं लगाया, तो शिवसेना जनता के हक के लिए आगे भी सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने बाध्य होगी।