ज़रा सी बारिश में हाईवे निर्माण की खुली पोल, भोपाल-सागर मार्ग हुआ बाधित,घंटों में जाम में फंसे लोग !
ज़रा देर की ही बारिश में हाईवे का काम करने वाली एमपीआरडीसी और निर्माण एजेंसी की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। बारिश के बाद भोपाल-सागर मार्ग कई घंटों तक बाधित रहा। आलम यह था की दर्जनों वाहन कई घंटे तक जाम में फंसे रहे। सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये है की एक एम्बुलेंस भी कीचड़ में फंस गयी। जो काफी देर तक फंसी रही। आपको नज़र आने वाली ये तस्वीरें रायसेन जिले से सामने आई हैं। जहां लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति संभाली रुट डायवर्ट किया तब कहीं लोगों को राहत मिल सकी। निर्माणाधीन स्टेट हाईवे-146 पर एमपीआरडीसी और निर्माण एजेंसी की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। बताया जा रहा है की बेगमगंज-गैरतगंज के आलमपुर सिमरिया के पास आंधी-तूफान के साथ हुई मामूली बारिश में सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई। जिससे एम्बुलेंस समेत दर्जनों वाहन फंस गए और भोपाल-सागर मार्ग घंटों बाधित रहा। बताया जा रहा है की यातायात प्रभावित होने से मरीजों, महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए गैरतगंज-सिलवानी मार्ग से वाहनों को डायवर्ट कराया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दो साल से सड़क निर्माण कछुआ चाल से चल रहा है। अधूरी और उखड़ी सड़क के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। जिनमें अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है। ताकि बारिश के मौसम में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।--