Sagar-थाने से चंद कदम दूर धू-धू कर जला लोडिंग वाहन, चालक ने कू द कर बचाई जान | SAGAR TV NEWS |
सागर शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मकरोनिया थाना क्षेत्र में एक लोडिंग वाहन अचानक आग का गोला बन गया। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरा पिकअप वाहन उसकी चपेट में आ गया। घटना नरसिंहपुर रोड स्थित बढ़तुमा के पास की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन सड़क पर चल रहा था, तभी अचानक उसमें से धुआं निकलना शुरू हुआ। कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे वाहन को अपनी गिरफ्त में ले लिया। सड़क पर आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल वाहन चालक को आग लगने की जानकारी दी।
चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सूझबूझ दिखाई और समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। चालक के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।