Sagar- कंधे पर चाकू धंसा, शराब पीने के पैसे नहीं देने पर मारपीट, राह चलते दिखा पीड़ित
सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर बदमाशों ने 55 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू उनके कंधे के पास धंस गया। घटना के बाद घायल बुजुर्ग कंधे में धंसे चाकू के साथ सड़क पर पैदल चलते नजर आए। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घायल की पहचान घनश्याम शर्मा (55) निवासी वल्लभ नगर वार्ड के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह खाना खाने के बाद पैदल टहलने निकले थे। रास्ते में उन्हें 4-5 बदमाश मिले।
आरोप है कि बदमाशों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। घनश्याम शर्मा ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू उनके बाएं कंधे के पास धंस गया।
घटना के बाद घायल हालत में बुजुर्ग सड़क पर चलते रहे। राहगीरों ने उन्हें लहूलुहान हालत में देखा और बातचीत की। इसके बाद लोगों की मदद से उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मोतीनगर पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस के अनुसार मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।